Banner Images

Administration News

मेरठ | खादी मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम, 5 दिन में 50 लाख से अधिक की बिक्री

Meerut Vani
By admin
26 Dec 2025 Updated: 26 Dec 2025 0
Administration News

मेरठ के राजकीय इंटर कॉलेज, निकट बेगमपुल में आयोजित मण्डल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में मंगलवार, 31 दिसंबर 2025 को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन लक्की महरौल एवं कपिल कश्यप द्वारा किया गया, जिसमें कला, संस्कृति और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम में जनपद मेरठ की हिती खुराना (उम्र 7 वर्ष) और शीधा खुराना (उम्र 4 वर्ष) ने सुंदर योगा कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। नन्हीं बच्चियों के आत्मविश्वास और योग प्रदर्शन को उपस्थित लोगों ने जमकर सराहा।

इसके बाद प्रोफेशनल डांस स्टूडियो की टीम ने देशभक्ति नृत्य और भगवान भोलेनाथ पर आधारित ग्रुप डांस की शानदार प्रस्तुति दी, जिससे पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उमेन्द्र चिकारा, सेवानिवृत्त उपमुख्य कार्यपालक अधिकारी, खादी बोर्ड उपस्थित रहे। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए अधिक से अधिक संख्या में लोगों से प्रदर्शनी में पहुंचने का आह्वान किया।

आयोजकों के अनुसार, प्रदर्शनी में पिछले 5 दिनों के भीतर 50 लाख रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है, जो स्वदेशी उत्पादों की बढ़ती मांग को दर्शाता है।

प्रदर्शनी में खादी वस्त्र, लकड़ी से निर्मित फर्नीचर, कश्मीरी गर्म शॉल, सिल्क साड़ियां, रेडीमेड गारमेंट्स, कोट-ब्लेजर, देशी व गाय का घी, नमकीन, धूपबत्तियां, गौ-गोबर से बने उत्पाद, अचार, मुरब्बा, सिरका, आँवला उत्पाद, चटाई-पायदान सहित उच्च गुणवत्ता के स्वदेशी सामान उपलब्ध हैं।

आयोजकों ने जनपद व मंडल के समस्त निवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों की खरीद करें और मेले की शोभा बढ़ाएं।

2025 @Meerut Vani. All Rights Reserved. Managed by Promotion Paradise